मध्यप्रदेश

*ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल ने मोहम्मदपुर में लगाया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 137 से अधिक मरीज हुए लाभान्वित*

खरगोन/बुरहानपुर :- ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और जन जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल’ बुरहानपुर द्वारा खरगोन जिले के ग्राम मोहम्मदपुर बजरंगपुर में 6 अक्टूबर को एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर (फ्री हेल्थ कैंप) का आयोजन किया गया। इस शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 137 से अधिक मरीजों ने अपनी जांच करवाकर नि:शुल्क परामर्श और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर के दौरान ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के सुप्रसिद्ध जनरल फिजिशियन डॉ. अकरम खान ने उपस्थित रहकर मरीजों की शारीरिक समस्याओं, पुरानी बीमारियों और खान-पान से जुड़ी तकलीफों का गहन परीक्षण कर उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए डॉ. अकरम खान ने सभी ग्रामीणों को मौसमी बुखार, वायरल इंफेक्शन और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों से सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने ग्रामीणों को सलाह दी कि वे अपने आसपास साफ-सफाई रखें, उबला हुआ या स्वच्छ पानी पीएं और बुखार के शुरुआती लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी चिकित्सक से परामर्श लें, लापरवाही न बरतें।

शिविर में आए सभी मरीजों का नि:शुल्क जनरल हेल्थ चेकअप, वजन और ब्लड प्रेशर (रक्तचाप) की त्वरित जांच की गई। जिन मरीजों में ब्लड प्रेशर की असमानता या अन्य शारीरिक समस्याएं पाई गईं, उन्हें जरूरी प्राथमिक सावधानियां बरतने के बारे में विस्तार से समझाया गया।

यह संपूर्ण आयोजन ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल’ के संचालक कबीर चौकसे के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल के लोगों तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना अस्पताल की सामाजिक प्राथमिकताओं में शामिल है। आगे भी इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रहेगा।

शिविर के सफल संचालन में अस्पताल की पैरामेडिकल टीम और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। स्वास्थ्य जांच की सुविधा अपने ही गांव में नि:शुल्क मिलने पर ग्राम मोहम्मदपुर व बजरंगपुर के निवासियों ने ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल प्रबंधन और पूरी डॉक्टर टीम के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button