*जिला चिकित्सालय में AMR व नवजात शिशु सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, एंटीबायोटिक के सही उपयोग व शिशु सुरक्षा के दिए गए सुझाव*

बुरहानपुर :- जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) जागरूकता सप्ताह एवं राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, दवाओं के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देना तथा नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
अस्पताल की ओपीडी (OPD) में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों एवं आम नागरिकों के बीच AMR जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक और गलत उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाएं न लेने, निर्धारित कोर्स पूरा करने तथा हाथों की स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। जनमानस तक संदेश पहुंचाने के लिए रैली, पोस्टर और पंपलेट के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया गया।
वहीं राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह के समापन अवसर पर माताओं एवं परिजनों को नवजात शिशु की संपूर्ण देखभाल, संक्रमण से बचाव, समय पर टीकाकरण, उचित पोषण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। इसका उद्देश्य नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान कर शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है। इस अवसर पर डॉ. भूपेंद्र गौर ने नवजात शिशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया और परिजनों को आवश्यक चिकित्सकीय सुझाव दिए। प्रसव के बाद मां एवं शिशु की स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए मोबाइल केयर कंपेनियन सेवा के हेल्पलाइन नंबर 53103 एवं 080-47093147 की जानकारी भी साझा की गई।
दोनों महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन सह-अधीक्षक, जिला चिकित्सालय बुरहानपुर के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुए।




