बुरहानपुर

*भीम आर्मी ने जनसुनवाई में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन: डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का चित्र लगाने और ड्रोन सर्वे से छूटे गांवों को आबादी में शामिल करने की मांग*

बुरहानपुर :- भीम आर्मी द्वारा मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के माध्यम से कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें क्षेत्र की दो प्रमुख मांगों को लेकर शासन और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।

भीम आर्मी के नेता दत्तू मेढ़े ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में भी जनसुनवाई में ड्रोन सर्वे से छूटे हुए गांवों का पुनः सर्वे कराने की मांग की गई थी। इस संबंध में जब पटवारी और तहसीलदार से मौके पर जाकर चर्चा की गई, तो अधिकारियों द्वारा यह कहकर टाल दिया गया कि यह क्षेत्र ‘आबादी’ श्रेणी में नहीं आते हैं, इसलिए इनका ड्रोन सर्वे नहीं किया जा सकता।

दत्तू मेढ़े ने इस तर्क पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि ये सभी बस्तियां और गांव उतने ही पुराने हैं जितने कि बाकी बसे हुए क्षेत्र। जब से पूरा गांव बसा है, तब से ही ये बस्तियां भी आबाद हैं। उन्होंने कलेक्टर महोदय से मांग की कि यदि प्राविधिक रूप से ये क्षेत्र आबादी में दर्ज नहीं हैं, तो जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कर इन्हें आबादी में शामिल किया जाए और ड्रोन सर्वे की सूची में नाम जोड़कर ग्रामीणों को उनका हक दिया जाए।

इसके साथ ही, ज्ञापन के दौरान जनसुनवाई हॉल में संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का छायाचित्र (पोर्ट्रेट) लगाने की पुरजोर मांग उठाई गई। भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने कहा कि हॉल में अन्य महापुरुषों व नेताओं के चित्र लगे हैं, इसलिए बाबासाहेब का चित्र भी वहां सम्मानपूर्वक लगाया जाना चाहिए। इस दौरान अनूठे और प्रतीकात्मक अंदाज में अधिकारियों को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का चित्र, गुलाब का फूल, कील और हथौड़ी भेंट कर अविलंब चित्र स्थापित करने का निवेदन किया गया।

इस अवसर पर भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अब्दुल सलाम अंसारी, नगर अध्यक्ष चंदन ससाने, महिला विंग उपाध्यक्ष संगीता तायडे, एन. आर. गजभिये, शिवाराम कसडेकर, दानिश रजा खान, प्रदीप जुलमे और एड. अजय ढाकारे सहित कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button