बुरहानपुर पुलिस

*बुरहानपुर में नवरात्रि और बालाजी रथ यात्रा को लेकर SP ने ली बैठक, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पैनी नज़र*

बुरहानपुर :- आगामी नवरात्रि पर्व और प्रसिद्ध बालाजी रथ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं समस्त थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा की व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों का चिन्हांकन कर सुरक्षा योजना बनाएं। नवरात्रि के दौरान आयोजित गरबा पंडालों, देवी मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आपातकालीन निकास और विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रमुख स्थलों पर महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती रहेगी।

बालाजी रथ यात्रा के संबंध में पुलिस अधीक्षक ने मार्ग निरीक्षण, बैरिकेडिंग और डायवर्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पार्किंग और सुगम यातायात की व्यवस्था की जाएगी, ताकि आम नागरिकों और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं में बाधा न आए।

असामाजिक तत्वों और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक संदेशों पर साइबर सेल द्वारा सतत निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई होगी।

एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान पुलिस का व्यवहार संयमित और जनहितकारी रहे, साथ ही संवेदनशील इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग जारी रखी जाए। बैठक में ए एसपी प्रदीप शेंडे, एसडीओपी नेपानगर वैभव प्रिय, डीएसपी महिला शाखा जयराज सोलंकी सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button