*महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास में महिला थाना पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्राओं को सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी*

बुरहानपुर :- महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों और आत्मविश्वास को सशक्त बनाने के उद्देश्य से बुरहानपुर पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में महिला थाना पुलिस ने महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को अपनी सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति सजग किया।
एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन तथा ए एसपी प्रदीप शेण्डे एवं सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बीच के अंतर को सरलता से समझाया। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक छात्रा को अपने शरीर की व्यक्तिगत सीमाओं और सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना चाहिए। यदि कोई भी व्यक्ति अनुचित व्यवहार करता है, गलत तरीके से स्पर्श करता है या असहज महसूस कराने वाली गतिविधि करता है, तो डर या संकोच के कारण चुप न रहें, बल्कि तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी सूचना दें।
कार्यक्रम में छात्राओं को लैंगिक अपराधों एवं यौन शोषण से बचाव के व्यावहारिक उपायों के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट और महिला सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग तथा अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने की समझाइश भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी अनुचित व्यवहार को नजरअंदाज करना सही नहीं है, क्योंकि समय पर दी गई सूचना अपराधों की रोकथाम और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई में अहम भूमिका निभाती है। किसी भी परेशानी या अपराध की स्थिति में छात्राओं को बिना झिझक तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। बुरहानपुर पुलिस द्वारा स्कूलों, महाविद्यालयों और छात्रावासों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रखे जा रहे हैं।



