*बुरहानपुर में प्रभारी मंत्री सिलावट ने ली विकास कार्यों की समीक्षा बैठक स्वामित्व योजना से 1.13 लाख हितग्राहियों को मिलेगा लाभ, आवास सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश*

बुरहानपुर:- जल संसाधन विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट शुक्रवार को बुरहानपुर एक दिवसीय दौरे पर रहे इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक की
अध्यक्षता करते हुए जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा और जल सहित विभिन्न विभागों की प्रगति का जायजा लिया।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति और हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और विकास कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए सिलावट ने नगरीय एवं ग्रामीण निकायों में आवास सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सम्मेलनों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, जिससे हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रभावी रूप से मिल सके। साथ ही उन्होंने आवासों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के छायाचित्र अंकित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले में 36,311 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
स्वामित्व योजना की प्रगति पर चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री ने राजस्व अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने को कहा। जानकारी दी गई कि जिले में स्वामित्व योजना के तहत 72,160 प्लॉटों की रजिस्ट्री प्रस्तावित है, जिससे 1,13,476 पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।
इसके अलावा प्रभारी मंत्री ने नशामुक्त अभियान तथा खाद्य पदार्थों की शुद्धता जांचने और मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक अर्चना चिटनिस, महापौर माधुरी पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, जिला अध्यक्ष मनोज माने, जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर विवेक कुमार, एसपी आशुतोष बागरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




