*सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा ने परखीं कचरा प्रबंधन व्यवस्थाएं, एमआरएफ प्लांट व कंपोस्ट इकाई का निरीक्षण*

बुरहानपुर :- शहर की स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम बुरहानपुर की सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा ने शुक्रवार को मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) प्लांट, कंपोस्ट इकाई तथा ट्रेंचिंग ग्राउंड का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइट पर संचालित विभिन्न प्रक्रियाओं का बारीकी से जायजा लिया और जमीनी हकीकत परखी।
निरीक्षण के क्रम में सहायक आयुक्त ने कचरे के स्रोत स्तर पर पृथक्करण, सूखे व गीले अपशिष्ट के सुरक्षित व उचित निस्तारण, एमआरएफ प्लांट में कचरे की छंटाई एवं रीसाइक्लिंग प्रक्रिया तथा कंपोस्ट इकाई में गीले कचरे से जैविक खाद निर्माण की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इसके साथ ही ट्रेंचिंग ग्राउंड पर कचरे के निपटान और संपूर्ण स्वच्छता व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।
सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को निरंतर और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने दैनिक कार्यों की नियमित निगरानी रखने, प्रक्रियाओं में गति लाने और स्वच्छता कार्यों की गुणवत्ता हर स्तर पर सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इस निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा के साथ प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल, प्लांट सुपरवाइजर एवं अन्य निगम कर्मचारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि नगर पालिक निगम बुरहानपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने तथा बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।



