बुरहानपुर

*बुरहानपुर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत 200 जोड़े दाम्पत्य सूत्र में बंधे, वधुओं के खाते में आएंगे 49-49 हजार रुपये*

बुरहानपुर :- मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को रेणुका कृषि उपज मंडी में आयोजित सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह में 200 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। जल संसाधन विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें आशीर्वाद और मंगलकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा कि यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत है और बेटियों के सम्मान के साथ विवाह संपन्न कराने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने नवदंपतियों से अपील की कि वे विश्वास, प्रेम, समन्वय और सम्मान की भावना से अपने नए जीवन की शुरुआत करें, क्योंकि त्याग, समर्पण और विश्वास ही सफल वैवाहिक जीवन का आधार हैं। सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि बेटियां आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ सकें और हर परिवार खुशहाल रहे।

आयोजन में विभिन्न समाजों के 200 जोड़ों ने अपने रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार विवाह व निकाह की रस्में पूरी कीं। इनमें हिन्दू समाज के 72, हिन्दू-बौद्ध समाज के 40 और मुस्लिम समाज के 88 जोड़े शामिल थे। योजना के प्रावधानों के तहत प्रत्येक वधु के बैंक खाते में डीबीटी (DBT) के माध्यम से 49 हजार रुपये की सहायता राशि अंतरित की जाएगी। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को सहायता राशि के प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए।

इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि कन्यादान सबसे बड़ा दान है और यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ा सहारा है।

बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि बेटी खुशहाल होती है तो पूरा परिवार खुशहाल होता है।

वहीं कलेक्टर विवेक कुमार ने इसे सामाजिक समरसता, एकता और सद्भाव का सुंदर उदाहरण बताया। कार्यक्रम में महापौर माधुरी पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, एसपी आशुतोष बागरी, जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में परिजन मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button