*बुरहानपुर में नवरात्र व बालाजी रथ यात्रा को लेकर शांति समिति की बैठकें शुरू, सौहार्द बनाए रखने की अपील*

बुरहानपुर:- आगामी नवरात्र पर्व और प्रसिद्ध बालाजी रथ यात्रा को शांतिपूर्ण सुरक्षित तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकों का दौर जारी है। इन बैठकों के जरिए पुलिस और स्थानीय नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
इसी श्रृंखला में नेपानगर अनुभाग के थाना निंबोला परिसर में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) नेपानगर वैभव प्रिया और थाना प्रभारी निंबोला अजय सिंह चौहान की उपस्थिति में शांति समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, ग्राम कोटवार, नगर रक्षा समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।
बैठक के दौरान नवरात्र उत्सव और बालाजी रथ यात्रा के समय संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, जुलूस मार्गों के निर्धारण, पार्किंग और प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों और आयोजकों से अपील की कि वे त्यौहारों के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और शांति बनाए रखें। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं नियमों का पूर्ण पालन करें।

पुलिस ने आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए। इसके अलावा, सूचना तंत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ग्राम कोटवारों और नगर रक्षा समिति के सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह पर पैनी नजर रखने और उसकी जानकारी तत्काल थाने तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले भर में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा निरंतर जारी है, ताकि नागरिक पूरी सुरक्षा के साथ त्यौहार मना सकें।



