बुरहानपुर पुलिस

*गणेश विसर्जन के दौरान आपत्तिजनक गाना बजाने वाला DJ वाहन जप्त, बुरहानपुर पुलिस की कार्रवाई*

बुरहानपुर :- आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुरहानपुर पुलिस द्वारा लगातार चौकसी बरती जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले एक DJ वाहन को जप्त कर सख्त कानूनी कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसपी आशुतोष बागरी ने त्यौहारों से पूर्व जिले के सभी थाना प्रभारियों और DJ संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में धार्मिक व सार्वजनिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक, भड़काऊ या सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले गाने न बजाने के सख्त और स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।

*QR Code से मिली शिकायत पर त्वरित एक्शन*
नागरिकों की सुरक्षा और असामाजिक गतिविधियों पर तुरंत अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा गणेश पंडालों में विशेष QR Code लगाए गए थे। इन QR Code का मुख्य उद्देश्य यह था कि आम नागरिक किसी भी अप्रिय घटना, विवाद या नियम उल्लंघन की सूचना सीधे और तत्काल पुलिस तक पहुंचा सकें।

गणेश विसर्जन के दौरान इसी QR Code प्रणाली के माध्यम से पुलिस को एक शिकायत और वीडियो प्राप्त हुआ। शिकायत में बताया गया था कि एक DJ वाहन (क्रमांक MP09 LP4291) पर सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित गाने बजाए जा रहे हैं।

सूचना प्राप्त होते ही बुरहानपुर पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत की गहन जांच की। जांच में शिकायत सही पाई गई और उक्त DJ वाहन की पहचान शिकारपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत होने के रूप में हुई। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित DJ वाहन को जप्त कर लिया। फिलहाल पुलिस द्वारा वाहन चालक व संचालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

*नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई SP बुरहानपुर*
इस कार्रवाई के बाद एसपी आशुतोष बागरी ने जिले के सभी DJ संचालकों और आयोजकों को पुनः सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी त्यौहारों के दौरान यदि किसी भी DJ संचालक द्वारा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले या आपत्तिजनक गाने बजाए गए, तो उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। निर्देशों का उल्लंघन करने पर न केवल उपकरण व वाहन जप्त किए जाएंगे, बल्कि संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त से सख्त दंडात्मक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी त्यौहारों के दौरान शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button