*बुरहानपुर वन मण्डल ने एम. के पाठशाला में मनाया वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह, चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान*

बुरहानपुर :- वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के पावन अवसर पर वन मंडल बुरहानपुर अंतर्गत वन परिक्षेत्र बुरहानपुर द्वारा स्थानीय एम. के. पाठशाला में छात्र-छात्राओं के बीच विविध रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में वन्य जीवों के प्रति दया, संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें प्रकृति से जोड़ने के लिए चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से वनों की हरियाली, वन्य जीवों के जीवन तथा पर्यावरण संतुलन का सुंदर दृश्य उकेरा। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कलम चलाकर वनों के महत्व और वन्य प्राणियों की घटती संख्या को रोकने के उपायों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को विशेष पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित वन परिक्षेत्र अधिकारी बुरहानपुर सौरव चौरसिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वन्य जीव हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं और इनका संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक और युवा पीढ़ी का कर्तव्य है। वन चौकी प्रभारी योगेश सावकारे एवं शेख शहीद मुवीन ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस सफल आयोजन में वन स्टाफ के सदस्यों रितेश यादव, वीरेंद्र कुमार, गौरव शर्मा, पंकज हरने, अंकित तिवारी, सागर जोशी, आशुतोष त्रिपाठी, अनंत लालभारती और रजत चौहान सहित अन्य कर्मचारियों की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने वन विभाग की इस पहल का आभार व्यक्त किया।




