बुरहानपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या से फैली सनसनी

बुरहानपुर. पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बुधवार शाम चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना गणपति नाका चौराहे के पास हुई, जब शाम करीब सात बजे युवक पर हमला किया गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों ने 39 वर्षीय धनराज पिता अशोक तायड़े पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। लोधीपुरा निवासी धनराज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। सीएसपी विनोद सिंह कुश्वाह ने बताया कि धनराज का कुछ व्यक्तियों से पूर्व में विवाद हुआ था। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। सामने आया है कि बच्चों के नहाने को लेकर पहले भी उनका आपस में विवाद हुआ था। थाना ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध युवकों के नाम सामने आए हैं। पुलिस इस मामले में गहनता से पड़ताल कर रही है और दावा किया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।



