*बुरहानपुर में ऐतिहासिक पहल 500 बालिकाओं का हुआ निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण*

*विप्र नारी शक्ति सेवा संस्था और जन विश्वास सेवा समिति की संयुक्त मुहिम से संवरेगा बेटियों का भविष्य*
बुरहानपुर :- स्वास्थ्य सुरक्षा और महिला सशक्तीकरण की दिशा में बुरहानपुर जिले में एक ऐतिहासिक एवं अनुकरणीय पहल देखने को मिली। विप्र नारी शक्ति सेवा संस्था द्वारा जन विश्वास सेवा समिति के अध्यक्ष अजय सिंह रघुवंशी तथा ‘कैंसर पेशेंट एंड एसोसिएशन’ की प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. नुपुर खरे एवं उनकी टीम के विशेष सहयोग से विशाल निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। जिले में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में बालिकाओं को एक साथ इस गंभीर बीमारी से बचाव के टीके लगाए गए।
*9 कन्याओं ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ*
शिविर का विधिवत शुभारंभ किसी अतिविशिष्ट अतिथि के स्थान पर टीकाकरण के लिए आईं बालिकाओं में से ही चयनित 9 कन्याओं द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अनूठी शुरुआत ने उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया। शिविर में 9 से 20 वर्ष तक की लगभग 500 बालिकाओं का सफलतापूर्वक निःशुल्क टीकाकरण किया गया। आयोजन को लेकर बालिकाओं और उनके अभिभावकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
*विभिन्न वर्गों और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति*
सामाजिक समरसता और स्वास्थ्य जागरूकता के इस बड़े अभियान में नगर की विभिन्न प्रमुख हस्तियों एवं जन-प्रतिनिधियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में महापौर माधुरी अतुल पटेल, पूर्व विधायक हामिद काजी, लोनी सरपंच तृप्ति हेमंत पाटिल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष रिंकू टाक, निगम अध्यक्ष अनिता यादव, राम भाऊ लांडै, प्रवीण तेंभुरने, इन्द्रसेन देशमुख, ब्लॉक अध्यक्ष योजना देवड़ा, सरिता भगत, सुधीर पाटिल, सचिन व्यास, रितेश जायसवाल, अजय बादपुकर, रफीक सेठ, श्रीपद काका, आरिफ भाई बागवान, जनपद अध्यक्ष खकनार राकेश सोलंकी, श्याम भाई बनतवाला, ब्लॉक अध्यक्ष वाजिद इकबाल, अकील ओलिया, संतोष देवताले एवं समस्त पार्षद दल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*बेटी स्वस्थ होगी तभी परिवार और समाज सशक्त बनेगा*
संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरी दिनेश शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि बेटियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए ऐसे स्वास्थ्य अभियानों का निरंतर आयोजन जरूरी है। उन्होंने कहा आज टीकाकरण के बाद बेटियों के चेहरों पर जो निश्छल मुस्कान दिखाई दी, वही इस सेवा कार्य की सबसे बड़ी सफलता और संतुष्टि है। जब बेटी स्वस्थ होगी, तभी परिवार और समाज स्वस्थ एवं सशक्त बन सकेगा। उन्होंने वंचित रह गए अभिभावकों से भी अपनी बेटियों को यह सुरक्षा कवच दिलाने की अपील की।
*चिकित्सकों व सहयोगियों का अभिनंदन एवं विशेष सम्मान*
कार्यक्रम के समापन पर मुंबई से आईं डॉ. नूपुर खरे व उनकी टीम, बुरहानपुर जिला चिकित्सा विभाग के नर्सिंग स्टाफ एवं बरेली अस्पताल की डॉक्टर मैडम का बुरहानपुर की ऐतिहासिक धरोहर के चित्र, शॉल एवं गुलदस्ता भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया गया।
वहीं, जिले में इस अभूतपूर्व आयोजन के लिए ‘कैंसर पेशेंट एंड एसोसिएशन’ की डॉ. नूपुर खरे द्वारा विप्र नारी शक्ति सेवा संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरी दिनेश शर्मा को प्रशंसा प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जन विश्वास सेवा समिति के अध्यक्ष अजय सिंह रघुवंशी को भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में किशोर महाजन, कमलेश शाह, साधना तिवारी, मुकेश महाजन, सुधीर पाटिल, संजय शिंदे, तृप्ति हेमंत पाटिल, सैयद फारूक सहित विप्र नारी शक्ति की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।




