बुरहानपुर

*महापौर माधुरी अतुल पटेल की अगुवाई में ‘सेवा मेरा योगदान अभियान घर-घर पहुंचेगा कचरा पृथक्करण का संदेश, प्लास्टिक छोड़ अपनाएं कपड़े की थैली*

बुरहानपुर :- नगर पालिक निगम बुरहानपुर द्वारा स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए “सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत स्रोत पर कचरा पृथक्करण एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्ति को लेकर एक भव्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। महापौर माधुरी अतुल पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की गई।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए महापौर माधुरी अतुल पटेल ने कहा कि बुरहानपुर को स्वच्छता के शिखर पर पहुंचाना केवल नगर निगम के अकेले का दायित्व नहीं है, बल्कि इसमें शहर के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अनिवार्य है। उन्होंने नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि घर से निकलने वाले कचरे का प्रबंधन स्रोत पर ही किया जाना चाहिए। नागरिक अपने घरों में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखें तथा नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहनों में पृथक-पृथक ही कचरा सौंपें।

*प्लास्टिक लाओ कपड़े की थैली पाओ*
अभियान को धरातल पर प्रभावी बनाने और आमजन को व्यावहारिक रूप से जोड़ने के लिए नगर निगम ने एक अनूठी पहल की है। इसके तहत जो नागरिक पॉलिथीन लेकर आएंगे, उन्हें नगर निगम की ओर से कपड़े की थैली प्रदान की जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग करने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

*स्कूली विद्यार्थी बनेंगे स्वच्छता के ‘वार्ड एम्बेसडर’*
शहर में स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्कूली विद्यार्थियों की विशेष भागीदारी तय की गई है। अभियान के तहत विद्यार्थियों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प पत्र भरवाया जाएगा। विद्यालय से घर-घर पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश की सोच के साथ बच्चे अपने परिवार व आसपास के लोगों को जागरूक करेंगे। इन विद्यार्थियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ‘वार्ड एम्बेसडर’ के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

*वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद*
कार्यक्रम के दौरान विधायक अर्चना चिटनिस नगर निगम अध्यक्ष अनीता अमर यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज माने, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र तिवारी, नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, पार्षदगण, प्रशासनिक अधिकारी और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में नागरिकों से गीला-सूखा कचरा अलग रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक को ‘ना’ कहकर स्वच्छ बुरहानपुर के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button