बुरहानपुर

*जल संकट से निपटने की तैयारी बुरहानपुर में 23 नवंबर से एक दिन छोड़कर होगी ट्यूबवेल जल आपूर्ति*

बुरहानपुर :- शहर में संभावित जल संकट को देखते हुए नगर निगम के जल विभाग ने जलप्रदाय व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। इस वर्ष कम बारिश होने के कारण जल स्तर और पानी के वितरण में आ रही दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए अब पूरे शहर में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जाएगी। यह नई व्यवस्था 23 नवंबर 2026 से प्रभावी होगी।

निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जल संकट की स्थिति को नियंत्रित करने और भविष्य में इसे और गंभीर होने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। 23 नवंबर से शहर के सभी वार्डों में ट्यूबवेल के पानी का वितरण एक दिन के अंतराल में किया जाएगा।

आयुक्त श्रीवास्तव ने नागरिकों से जल संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि पानी को बनाया नहीं जा सकता, परंतु पानी को बचाया जरूर जा सकता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि पीने के पानी का अपव्यय न करें, उससे गाड़ियां न धोएं और पानी को सड़क पर न बहाएं। सभी घरों के नलों में टोटियां लगाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आज की गई पानी की बचत ही कल की प्यास बुझाएगी।

निगम प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में नियमित और सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही संभावित जल संकट से निपटने के लिए विभिन्न क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है तथा अवैध नल कनेक्शनों और अवैध सर्विसिंग सेंटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। नगर निगम ने शहरवासियों से इस व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button