बुरहानपुर

*बुरहानपुर में आगामी गर्मी में जलसंकट से निपटने महापौर ने इंटेकवेल व एनीकट का किया निरीक्षण 64 गेट लगाने का कार्य अंतिम चरण में*

बुरहानपुर:- आगामी ग्रीष्म ऋतु में बुरहानपुर शहरवासियों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर पालिक निगम प्रशासन द्वारा समय पूर्व ही पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल एवं पूर्व महापौर श्री अतुल पटेल ने नगर निगम की जल वितरण प्रणाली, इंटेकवेल एवं एनीकट का मैदानी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

*कम वर्षा के कारण लिया गया समय पूर्व निर्णय*
स्थल निरीक्षण के दौरान महापौर माधुरी अतुल पटेल ने बताया कि इस वर्ष क्षेत्र में वर्षा अपेक्षाकृत कम हुई है। अमूमन वर्षाकाल के दौरान एनीकट के सभी गेट खोल दिए जाते हैं, ताकि जल भराव का अत्यधिक दबाव न बने। हालांकि, कम बारिश को ध्यान में रखते हुए और भविष्य में संभावित जल संकट से निपटने के दृष्टिकोण से लगभग आठ दिन पूर्व ही निगम आयुक्त को एनीकट के गेट बंद कर पानी सहेजने के कड़े निर्देश जारी किए गए थे।

*5 दिनों से जारी कार्य आज पूर्ण होंगे सभी 64 गेट*
महापौर द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में विगत 5 दिनों से एनीकट पर गेट लगाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। एनीकट पर कुल 64 गेट लगाए जा रहे हैं, जिसमें प्रत्येक गेट में 5-5 मजबूत प्लेटें शामिल हैं। निगम अधिकारियों ने बताया कि गेट लगाने का यह कार्य आज शाम तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके पश्चात नदी के जल प्रवाह को रोककर पर्याप्त मात्रा में जल संचय संभव हो सकेगा।

*प्रतिदिन 50 एमएलडी जल वितरण क्षमता*
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि 10 मीटर व्यास और लगभग 28 मीटर गहरे इंटेकवेल के माध्यम से शहर को प्रतिदिन लगभग 50 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जाती है। एनीकट पर पानी रोके जाने से जल स्तर बना रहेगा, जिससे आगामी भीषण गर्मी के दिनों में भी नगरवासियों को निर्बाध व सुचारू रूप से जल प्रदाय किया जा सकेगा।

महापौर ने शहरवासियों को आश्वस्त किया कि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं, विशेष रूप से पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button