मध्यप्रदेश

*विश्व महापौर मंच में मध्यप्रदेश का सशक्त प्रतिनिधित्व, बुरहानपुर की महापौर ने साझा किए अनुभव*

बुरहानपुर :- मुंबई में 25 एवं 26 नवंबर को आयोजित तृतीय विश्व महापौर मंच एवं सातवें एशियाई शहर शिखर सम्मेलन में मध्यप्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ बुरहानपुर की महापौर माधुरी अतुल पटेल एवं पूर्व महापौर अतुल पटेल ने सहभागिता कर विभिन्न सत्रों में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।

सम्मेलन के समापन सत्र में राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने स्थानीय निकायों के सशक्तिकरण, प्रशासनिक क्षमता विकास और शहरों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने ‘शून्य कार्बन उत्सर्जन वाले शहरों’ के तकनीकी सत्र में मुख्य वक्तव्य देते हुए स्वच्छ व नवीकरणीय ऊर्जा और सतत विकास के लक्ष्यों को धरातल पर उतारने के उपाय साझा किए। इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने ‘जलवायु संकट के मोर्चे पर शहर’ सत्र तथा महापौरों की गोलमेज बैठक में पर्यावरण अनुकूल शहरी विकास और सामूहिक नेतृत्व पर अपने विचार रखे।

इस वैश्विक मंच पर बुरहानपुर की सहभागिता शहर के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रही। महापौर माधुरी अतुल पटेल ने विभिन्न देशों के सफल शहरी विकास मॉडलों, आधुनिक व्यवस्थाओं और नगरीय प्रशासन के नवीन प्रयोगों का अध्ययन किया, जिससे भविष्य में बुरहानपुर की नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। बुरहानपुर के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण रहा कि इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के मंच पर अन्य देशों के निकायों के साथ बुरहानपुर नगर निगम के मोनो (प्रतीक चिह्न) को भी सम्मानजनक स्थान दिया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button