*एमागिर्द पंचायत की घोर लापरवाही उजागर कचरे के ढेर, फूटी पाइपलाइन और बेपरवाह सरपंच-सचिव के खिलाफ एमआईएम और ग्रामीणों का फूटा गुस्सा*

बुरहानपुर :- मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत एमागिर्द में बदहाल सफाई व्यवस्था और पंचायत प्रशासन की उदासीनता ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। पंचायत क्षेत्र में पूर्व सरपंच अजरहुल हक (अज्जू मेडिकल) के घर के सामने से लेकर आजाद नगर चौराहे तक महीनों से कचरे के ढेर लगे हुए हैं, लेकिन जिम्मेदार सरपंच, सचिव और संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की तकलीफों की कोई परवाह नहीं है।
आजाद नगर चौराहे पर लंबे समय से कचरा न उठने और सड़कों पर गंदगी फैलने से हालात बद से बदतर हो चुके हैं। पूरे इलाके में असहनीय बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे रहवासियों में संक्रामक बीमारियों फैलने का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कचरा गाड़ी कई-कई दिनों तक—यहाँ तक कि आठ-आठ दिन तक नहीं आती, जिससे मजबूरन लोगों को सड़कों पर कचरा डालना पड़ रहा है। इसके अलावा कई दिनों से पानी की पाइपलाइन फूटी होने के कारण सड़क पर गंदा पानी जमा हो रहा है, पर पंचायत अमले ने इसे सुधारने की जहमत नहीं उठाई।
हालात से त्रस्त एमआईएम और ग्रामीणों ने कचरे के बीच बैठकर सरपंच और सचिव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आक्रोश जताय AIMIM जिला अध्यक्ष डॉ. जीशान खान ने और ग्रामीणों ने साथ मिलकर सड़क पर फैला कचरा उठाया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जब इस गंभीर लापरवाही को लेकर सरपंच से बात करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि वे “शादी में हैं”। सबसे बड़ी ग्राम पंचायत होने के बावजूद सरपंच और सचिव की इस गैर-जिम्मेदाराना कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में भारी रोष है।

डॉ. जीशान खान ने पंचायत प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिन के भीतर कचरा साफ नहीं कराया गया, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर पूरा कचरा ग्राम पंचायत के दरवाजे के सामने फेंक देंगे, जिसके बाद जो भी प्रशासनिक कार्रवाई होगी, उसके लिए जिम्मेदार खुद होंगे। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से तत्काल हस्तक्षेप कर कचरा हटवाने और फूटी पाइपलाइन दुरुस्त कराने की मांग की। पास में ही कब्रिस्तान और सूफी संत हजरत शाह भिखारी साहब की मजार होने के कारण वहां आने-जाने वाले जायरीनों व स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।




