बुरहानपुर

*प्रस्तावित वृद्धाश्रम का कलेक्टर ने निरीक्षण किया, मूलभूत सुविधाओं पर जोर*

बुरहानपुर :- जिले के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक और सुरक्षित आवासीय माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने शनिवार को शिकारपुरा स्थित पुराने आयुर्वेद कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा इस परिसर में प्रस्तावित वृद्धाश्रम की तैयारियों का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित वृद्धाश्रम में 25 व्यक्तियों की क्षमता के अनुरूप सभी आवश्यक सामग्री और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग कमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर विवेक कुमार ने कहा कि वृद्धजनों की सुविधा व सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए पेयजल, रसोईघर, वॉशरूम, निर्बाध बिजली, सुरक्षा तथा नियमित साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने वृद्धजनों के लिए पर्याप्त संख्या में बिस्तर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

परिसर के भौतिक रखरखाव को लेकर कलेक्टर ने जहां भी सुधार और मरम्मत की आवश्यकता है, वहां तुरंत कार्य कराने को कहा। साथ ही परिसर की सफाई के तहत उगी झाड़ियों को हटाने और वृद्धाश्रम की चौबीसों घंटे सुरक्षा के लिए चौकीदार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद कलेक्टर विवेक कुमार संगीत साधना एवं साहित्य सोसाइटी पहुंचे वहां के मधुर और सकारात्मक वातावरण की उन्होंने खुलकर सराहना की और कहा कि यह माहौल देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने सोसाइटी के सदस्यों को आश्वस्त किया कि किसी भी आवश्यकता या सहयोग के लिए प्रशासन को अवगत कराएं। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर भागीरथ वाखला, नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, उपसंचालक सामाजिक न्याय दुर्गेश दुबे और आयुर्वेद कॉलेज से पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button