*सेंट टेरेसा स्कूल के वार्षिक समारोह में 12वीं के दो छात्रों पर लाठीचार्ज घायल ABVP का स्कूल घेराव*
बुरहानपुर :- शहर के सिंघीपुरा स्थित सेंट टेरेसा हाई सेकेंडरी स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह के दौरान कथित लाठीबाजी में कक्षा 12वीं के दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। छात्रों को चोटें आने के बाद अभिभावकों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने स्कूल प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए। वहीं, घटना के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर घेराव किया और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग उठाई।
*प्रवेश रोकने के दौरान हुई लाठीबाजी*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात सेंट टेरेसा स्कूल में एनुअल फंक्शन आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों के अलावा आसपास के कुछ अन्य बच्चे भी भीतर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच व्यवस्था संभाल रहे एक पुलिसकर्मी ने बच्चों को रोकने के लिए कथित तौर पर बिना पहचान किए लाठियां चलाना शुरू कर दिया। इस लाठीबाजी की चपेट में स्कूल के कक्षा 12वीं के छात्र नितेश पाटिल निवासी शिवाजी नगर, लालबाग और हर्षित लाड़ निवासी इंदिरा कॉलोनी आ गए, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

*अभिभावकों ने प्रबंधन पर उठाए सवाल*
घटना के बाद घायल छात्रों के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर नाराजगी जताई। परिजनों का कहना है कि वार्षिक समारोह जैसे बड़े आयोजन में बच्चों की सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था को लेकर पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे। घायल छात्र हर्षित के पिता कमलेश लाड़ ने भी स्कूल प्रबंधन की कथित लापरवाही पर असंतोष व्यक्त किया है। परिजनों की ओर से घटना को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
*ABVP का विरोध और जांच की मांग*
लाठीबाजी में छात्रों के घायल होने की सूचना मिलते ही ABVP कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य से संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की और कहा कि बच्चों के प्रति ऐसी कार्रवाई को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। फिलहाल मामले में पुलिसकर्मी की कार्रवाई के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन की भूमिका व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
गणपति थाना प्रभारी कमल सिंह पावर ने कहा कि सेंट टेरेसा स्कूल में कल रात एनुअल फंक्शन को लेकर कार्यक्रम हुआ था रात में कुछ बच्चों का विवाद हुआ था शिकायत मिली है कि जिसमें हमारे हवलदार ने मारपीट की फिलहाल हमने उन बच्चों का मेडिकल कर लिया है सीसीटीवी फुटेज के जरिए जांच की जा रही है इस संबंध में जो भी कार्रवाई होगी वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की जाएगी




