बुरहानपुर

*ग्राम पंचायत बोरगांव खुर्द में लगा जनसेवा शिविर, विधायक एवं कलेक्टर ने नागरिकों से किया सीधा संवाद*

बुरहानपुर :- शासन के निर्देशानुसार जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत हर शुक्रवार को शिविरों का आयोजन कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इसी क्रम में अक्टूबर माह के दूसरे शुक्रवार को ग्राम पंचायत बोरगांव खुर्द के लेवा पाटीदार समाज भवन (गणपति नाका) में भव्य जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान नागरिकों की समस्याओं को जानने और उनके त्वरित निराकरण का एक अत्यंत प्रभावी माध्यम है। उन्होंने किसानों को कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करते हुए चना, तुअर एवं अन्य दलहनी फसलों की उन्नत खेती के लिए प्रोत्साहित किया। विधायक श्रीमती चिटनिस ने मौके पर ही ग्रामीणों के आवेदन सुने और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कलेक्टर हर्ष सिंह ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य विभागों को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का या तो मौके पर ही अथवा त्वरित पारदर्शी प्रक्रिया के तहत निराकरण किया जा रहा है। कलेक्टर ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करने तथा सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के सख्त निर्देश दिए।

शिविर स्थल पर स्वास्थ्य, आयुष, कृषि, राजस्व, उद्यानिकी, विद्युत, पशुपालन, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, श्रम, वन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वित्त और सहकारिता सहित विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौके पर ही मरीजों की जांच की गई तथा पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। ग्रामीणों की सुविधा के लिए आधार अपडेशन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना जैसी प्रमुख योजनाओं के हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान डीएफओ विद्याभूषण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button