बुरहानपुर

*विद्यार्थियों की समस्याओं का नहीं हुआ समाधान, ABVP ने शासकीय प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर जड़ा ताला*

बुरहानपुर :- शासकीय प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में लंबे समय से व्याप्त मूलभूत समस्याओं का निराकरण न होने से क्षुब्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्र संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि विद्यार्थियों की जायज मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों को रोजाना विभिन्न बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझना पड़ रहा है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और कॉलेज प्रशासन को पूर्व में भी लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया गया था। इसके बावजूद प्रशासन ने समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। महाविद्यालय की इस उदासीनता से नाराज होकर अंततः कार्यकर्ताओं को उग्र प्रदर्शन और तालाबंदी का रास्ता अपनाना पड़ा।

*पेयजल और साफ-सफाई बड़ी समस्या*
प्रदर्शनकारियों ने महाविद्यालय की मुख्य समस्याओं को रेखांकित करते हुए कहा कि परिसर में छात्रों के लिए स्वच्छ पेयजल की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा, कक्षाओं और उड़ती धूल से सुरक्षा देने वाली खिड़कियों के काँच लंबे समय से टूटे पड़े हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पूरे परिसर में नियमित साफ-सफाई न होने के कारण गंदगी का अंबार लगा रहता है, जिससे शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है। इन तमाम अव्यवस्थाओं के कारण विद्यार्थियों को अध्ययन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

*अधिकारियों ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन*
मुख्य द्वार पर तालाबंदी और नारेबाजी की सूचना मिलते ही महाविद्यालय प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ABVP कार्यकर्ताओं से वार्ता की और आश्वासन दिया कि उठाई गई सभी समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण कर दिया जाएगा। आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त किया इस विरोध प्रदर्शन के दौरान जुनैद पिंजारी, प्रियांशु ठाकुर, पीयूष खेरनार, प्रशांत कुशवाह, हर्ष सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अनेक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

ABVP प्रतिनिधियों ने अंत में दोहराया कि विद्यार्थी हित और परिसर में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए परिषद हमेशा संघर्षरत रहेगी। यदि दिए गए आश्वासन के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो आगे और कड़ा कदम उठाया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button