बुरहानपुर

*इच्छादेवी और खमनी मंदिर में नवरात्र व्यवस्थाओं का एएसपी ने लिया जायजा*

बुरहानपुर :- आगामी नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के लिए बुरहानपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन में जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। इसी कड़ी में एएसपी प्रदीप शेंडे ने सुप्रसिद्ध इच्छादेवी मंदिर और ग्राम खमनी स्थित मंदिर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एएसपी शेंडे ने मंदिर ट्रस्ट समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नवरात्र के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, दर्शन व्यवस्था, मेले के आयोजन,पार्किंग और सुरक्षा प्रबंधों की पूरी जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।

*सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर जारी ए एसपी ने दिशा-निर्देश मंदिर परिसर, मेले के प्रमुख क्षेत्रों, पार्किंग स्थल और प्रवेश व निकास द्वारों पर सुचारू रूप से कार्य कर रहे सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे पैनी नजर रखी जाएगी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। मंदिर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। महिला श्रद्धालुओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

दर्शनार्थियों के सुगम आवागमन के लिए प्रवेश और निकास मार्ग अलग-अलग तय किए जाएंगे। आपातकालीन निकास द्वारों को पूरी तरह बाधामुक्त रखा जाएगा ताकि किसी भी स्थिति में भीड़ को आसानी से नियंत्रित किया जा सके। मंदिर पहुंच मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए निर्धारित पार्किंग स्थल बनाए जा रहे हैं। आवश्यकता अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए मार्ग हमेशा खुला रखा जाएगा।

मंदिर परिसर में अग्निशमन, विद्युत सुरक्षा (अस्थायी बिजली कनेक्शनों की जांच) और प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर ट्रस्ट, मेला आयोजकों और स्थानीय स्वयंसेवकों के साथ पुलिस का निरंतर समन्वय रहेगा ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।

बुरहानपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा और नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण व सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना पुलिस की पहली प्राथमिकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button