*खकनार में मंडी प्रशासन की बड़ी कार्रवाई बिना लाइसेंस 150 क्विंटल मक्का जब्त, अवैध व्यापारियों में हड़कंप*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर जिले के खकनार तहसील अंतर्गत डोईफोड़िया क्षेत्र में शुक्रवार को मंडी प्रशासन ने अवैध अनाज व्यापारियों के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। बिना लाइसेंस और नियमानुसार अनुज्ञा (परमिशन) के बिना फसलों की खरीदी-बिक्री करने वाले बिचौलियों व व्यापारियों पर नकेल कसते हुए मंडी विभाग की टीम ने अनाज से भरे वाहनों को जब्त किया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे खकनार क्षेत्र के अवैध अनाज कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
*अचानक गाड़ियों को रोककर की गई जांच*
मिली जानकारी के अनुसार, मंडी प्रशासन को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र में बिना मंडी लाइसेंस और कर चुकाए बिना सीधे किसानों से अनाज खरीदा जा रहा है। सूचना के आधार पर मंडी सचिव भूपेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों की एक विशेष टीम ने डोईफोड़िया मार्ग पर घेराबंदी की। टीम ने वहां से गुजर रहे अनाज से भरे संदिग्ध वाहनों को रोककर उनसे खरीदी संबंधी दस्तावेज, अनुज्ञा पत्र और व्यापारी लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा।
*दस्तावेज नहीं दिखा सके व्यापारी 150 क्विंटल मक्का जब्त*
जांच के दौरान वाहन चालक और संबंधित व्यापारी मौके पर अनाज खरीदी एवं परिवहन के वैध कागजात या मंडी लाइसेंस नहीं दिखा सके। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मंडी प्रशासन की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों में लदे लगभग 150 क्विंटल मक्का को जब्त कर लिया और वाहनों को कस्टडी में ले लिया। प्रशासन द्वारा संबंधित व्यापारियों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत वैधानिक प्रकरण दर्ज कर जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
*अवैध खरीदी पर जारी रहेगी सख्ती*
मंडी सचिव भूपेंद्र सिंह सोलंकी ने स्पष्ट किया कि शासन के नियमों का उल्लंघन कर बिना लाइसेंस अनाज की खरीदी करने वाले किसी भी व्यापारी को बख्शा नहीं जाएगा। बिना मंडी शुल्क चुकाए और बिना अनुज्ञा के अनाज का परिवहन करना पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में खकनार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जांच अभियान और तेज किया जाएगा। मंडी प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद से बिना कागजात के कारोबार करने वाले बिचौलियों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।




