*सैफी कादरिया कॉलेज में एचआईवी/एड्स सघन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन*

बुरहानपुर :- सैफी गोल्डन जुबिली कादरिया महाविद्यालय में जिला स्वास्थ्य विभाग एवं महाविद्यालय की इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में एचआईवी एड्स सघन जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संक्रमण से बचाव, वैज्ञानिक जानकारी और समाज में फैली भ्रांतियों एवं भेदभाव को समाप्त करने के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता आईसीटीसी परामर्शदाता नगमा खान ने एचआईवी/एड्स के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय और जांच प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ सामान्य सामाजिक व्यवहार करने से यह संक्रमण नहीं फैलता। समय पर सही चिकित्सकीय परामर्श और जांच से सामान्य व स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है, इसलिए संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सम्मानजनक दृष्टिकोण रखना बेहद आवश्यक है। वहीं, एनजीओ प्रतिनिधि श्रीमती छाया भगवे विश्वास ने युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के निदेशक डॉ. तालिब युसूफ ने कहा कि युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर सही एवं वैज्ञानिक जानकारी देना वर्तमान समय की महती आवश्यकता है। प्राचार्य प्रोफेसर मोहम्मद इस्माईल बफाती ने जोर देते हुए कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस जानकारी को अपने परिवार व समाज तक पहुँचाने का आह्वान किया।

प्रबंधन समिति के सचिव मुल्ला अली असगर टाकलीवाला ने अपने संदेश में कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता का प्रसार करना एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व है और महाविद्यालय का यह प्रयास एक स्वस्थ समाज के निर्माण में सराहनीय भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में प्रो.चंद्रकांत महाजन, प्रो. शबनम कौसर, प्रो.अजहरुद्दीन, रेड क्रॉस प्रभारी प्रो. रितु मालवीय, प्रो. रेहान शेख, फैजान खान, श्रीराम जाधव सहित अन्य स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रभारी प्रो. अशोक जाधव ने किया।



