*बुरहानपुर के खामनी में सजी मां वैष्णोदेवी धाम की भव्य प्रतिकृति, विधायक अर्चना चिटनिस ने किया तैयारियों का अवलोकन*

बुरहानपुर :- शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बुरहानपुर जिले के ग्राम खामनी में कटरा स्थित मां वैष्णोदेवी धाम की भव्य प्रतिकृति साकार हो चुकी है, जहां श्रद्धालुओं के लिए माता रानी के दर्शन शुरू हो गए हैं। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुचारु आवागमन के लिए दिशा-निर्देश दिए।
*3 से 4 किलोमीटर की परिधि में पर्वतीय वातावरण*
यह 15 दिवसीय धार्मिक आयोजन 11 से 25 अक्टूबर 2026 तक चल रहा है। लगभग 3 से 4 किलोमीटर की परिधि में वैष्णोदेवी यात्रा जैसा दिव्य पर्वतीय स्वरूप निर्मित किया गया है। मार्ग में बाण गंगा, चरण पादुका, गर्भ गुफा, अर्धकुवारी, मां वैष्णोदेवी भवन और भैरव बाबा मंदिर जैसे प्रमुख पड़ावों के दर्शन हो रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को स्थानीय स्तर पर ही माता के दरबार की अलौकिक अनुभूति मिल रही है।
*51 शक्तिपीठों की माटी से जुड़ी अनूठी श्रद्धा*
इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता ग्रामीणों की सामूहिक आस्था है। ग्राम वासियों ने 51 समूह बनाकर देश के 51 शक्तिपीठों से पवित्र माटी और पूजित जल एकत्रित किया, जिसके पश्चात 51 बैलगाड़ियों के साथ भव्य धर्म ध्वज यात्रा निकाली गई। यह पहल सनातन संस्कृति के प्रति ग्रामीणों के गहरे समर्पण को दर्शाती है।

*सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर*
निरीक्षण के दौरान चिटनिस ने अधिकारियों को यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही, इस पूरे आयोजन को पूरी तरह प्लास्टिक-मुक्त रखने के संकल्प को प्रभावी रूप से लागू करने पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर एसडीएम पल्लवी पुराणिक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। 25 अक्टूबर तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर आशीर्वाद ले रहे हैं।



