बुरहानपुर

*बुरहानपुर में शासकीय कार्यों में लापरवाही पर 10 पटवारियों (परिवीक्षाधीन) की सेवा समाप्त एवं 5 पटवारी निलंबित*

बुरहानपुर :- शासकीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, आदेशों की अवहेलना और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लगातार असंतोषजनक प्रगति पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्ष सिंह ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए 10 परिवीक्षाधीन (प्रोबेशनर) पटवारियों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं, जबकि 5 अन्य पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

*प्राथमिक कार्यों में प्रगति न होने पर गिरी गाज*
राजस्व अनुविभागीय अधिकारी द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, राजस्व विभाग के अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्राथमिकता वाले कार्यों—जैसे स्वामीत्व योजना, अधिकार अभिलेखों का अद्यतन निर्माण, किसान फार्मर आईडी बनाना, ई-केवाईसी तथा अन्य डिजिटल व भू-अभिलेख सुधार कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर समीक्षा बैठकें लेकर आवश्यक मार्गदर्शन भी जारी किया गया था। इसके बावजूद संबंधित पटवारियों द्वारा अपेक्षित प्रगति दर्ज नहीं कराई गई।

* इन पटवारियों पर हुई कार्रवाई*
सेवा से पृथक किए गए 10 परिवीक्षाधीन पटवारियों में बुरहानपुर अनुभाग के अमित चौरसिया, महिमा थड्डानी, विशाल रघुवंशी, अभय भट्ट, शिवम गुप्ता तथा नेपानगर अनुभाग के अजय पवार, नीतू सिंह तोमर, रूद्र प्रताप सिंह, सतीश शर्मा और राहुल लोधी शामिल हैं। इसके अलावा 5 पटवारियों को निलंबित किया गया है। कलेक्टर ने सख्त लहजे में निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित पटवारी अपने शासकीय बस्ते तुरंत संबंधित कार्यालय में जमा कराएं।

जिला प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से राजस्व विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनहित और शासकीय योजनाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button