बुरहानपुर

*बुरहानपुर खकनार पुलिस ने तेज आवाज में डीजे और लाउडस्पीकर बजाने वाले 4 ट्रैक्टर और 1 पिकअप वाहन जब्त*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बुरहानपुर जिले की खकनार थाना पुलिस ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों (डीजे) के अवैध उपयोग के खिलाफ एक सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे और लाउडस्पीकर बजाने वाले 4 ट्रैक्टर और 1 पिकअप वाहन को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की है।

*बिना अनुमति और तय सीमा से अधिक आवाज में चल रहा था डीजे*
थाना खकनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर, आम जनता, मरीजों और राहगीरों को भारी असुविधा पहुँचाते हुए अत्यधिक तेज आवाज में डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कदम उठाते हुए मौके पर दबिश दी और वाहनों को घेराबंदी कर रोक लिया।

जांच के दौरान पाया गया कि इन वाहनों के चालकों द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के और शासन द्वारा निर्धारित डेसिबल सीमा का खुला उल्लंघन करते हुए तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए 4 ट्रैक्टरों और 1 पिकअप वाहन पर लगे अवैध एम्पलीफायर, स्पीकर और डीजे सेटअप को अपने कब्जे में ले लिया और वाहनों को थाने ले आई

इस पूरी कार्रवाई के बाद बुरहानपुर पुलिस ने जिले के सभी वाहन चालकों, मैरिज गार्डन संचालकों और डीजे ऑपरेटर्स को कड़ी चेतावनी दी है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि बिना अनुमति के या निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित है।

प्रशासन ने साफ किया है कि आम नागरिकों की शांति और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले पिकअप, ट्रैक्टर, आयशर और अन्य वाहनों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त और दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button