*नवरात्र पर्व की तैयारियों का जायजा कलेक्टर व एसपी ने किया इच्छादेवी और खमनी मंदिर का निरीक्षण दिए कड़े निर्देश*

बुरहानपुर :- आगामी नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस अलर्ट मोड पर आ गया है। रविवार को कलेक्टर हर्ष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने संयुक्त रूप से प्रसिद्ध इच्छादेवी मंदिर एवं ग्राम खमनी स्थित मंदिर परिसर का दौरा कर सुरक्षा व व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर ट्रस्ट समिति के सदस्यों और स्थानीय आयोजकों से चर्चा की। इस दौरान दर्शन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, मेला आयोजन, पार्किंग और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत जानकारी ली गई। कलेक्टर और एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्र के दौरान आने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
*सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर परिसर, प्रवेश व निकास द्वारों तथा पार्किंग व मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। महिला श्रद्धालुओं, बच्चों व वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा आवागमन को सुचारू रखने के लिए अलग-अलग प्रवेश-निकास मार्ग और व्यवस्थित पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। आपातकालीन वाहनों (एंबुलेंस) के लिए मार्ग हमेशा खुला रहेगा। मेला क्षेत्र में फायर फाइटिंग सिस्टम, प्राथमिक उपचार केंद्र और विद्युत तारों की सुरक्षा जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभाग, मंदिर समितियां और स्वयंसेवक बेहतर समन्वय के साथ काम करेंगे ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई असुविधा न हो। प्रशासन बुरहानपुर में नवरात्र पर्व को सुरक्षित, भव्य और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।



