बुरहानपुर

*मध्यप्रदेश राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा ने बुरहानपुर जिले में योजनाओं का लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश*

बुरहानपुर :- मध्यप्रदेश राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा ने अपने एक दिवसीय बुरहानपुर प्रवास के दौरान जिले की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, खाद्य वितरण प्रणालियों और पोषण कार्यक्रमों का जमीनी स्तर पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों से लेकर उचित मूल्य दुकानों और मध्याह्न भोजन व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यों में समयबद्धता और पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए।

अपने दौरे की शुरुआत में खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रो. मल्होत्रा ने केंद्रीकृत किचन शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां भोजन निर्माण की पूरी प्रक्रिया, उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई का विशेष मुआयना किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों के भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए तथा स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।

इसके पश्चात, उन्होंने जिला चिकित्सालय स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया। वहां भर्ती कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर की जानकारी लेते हुए उन्होंने बच्चों की माताओं से सीधा संवाद किया और उन्हें मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने अस्पताल के संबंधित स्टाफ को सभी आवश्यक रिकॉर्ड और रजिस्टरों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण के अगले चरण में प्रो. मल्होत्रा ने लोनी आंगनवाड़ी केंद्र का रुख किया। यहां उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता की जांच की और भोजन पकाने की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्थानीय कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही, लोनी स्थित शासकीय उचित मूल्य (पीडीएस) दुकान का भी औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने दुकान के स्टॉक रजिस्टर की जांच की और खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया को परखा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय पर और तय मात्रा में खाद्यान्न मिलना सुनिश्चित किया जाए।

अपने दौरे के अंतिम पड़ाव में उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बहादरपुर पहुंचकर मध्याह्न भोजन योजना और स्कूली व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों से चर्चा कर शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों को मिलने वाले भोजन की जानकारी प्राप्त की।

प्रो. मल्होत्रा ने जिले के तमाम अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका जमीनी स्तर पर वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचे। उन्होंने प्रशासनिक अमले को आपसी समन्वय और पारदर्शिता के साथ काम करने की हिदायत दी।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी अर्चना नागपुरे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सीएमएचओ डॉ. आर.के. वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभांगी मुजुमदार सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और मैदानी अमला प्रमुख रूप से मौजूद रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button