*बुरहानपुर में खाद्य आयोग अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा ने की समीक्षा बैठक खाद्यान्न वितरण और योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के निर्देश*

बुरहानपुर:- मध्यप्रदेश राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा ने कहा कि खाद्यान्न वितरण दुकानों एवं संस्थानों, स्कूलों, आंगनवाड़ी केन्द्रों में रेंडम चेकिंग की जाए। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की जमीनी स्तर पर समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार लाया जाए। विदित है कि खाद्य आयोग अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय, बुरहानपुर में समीक्षा ले रहे थे। समीक्षा बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्काे, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर हर्ष सिंह, सीईओ एवं एडीएम सृजन वर्मा सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।
बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी अर्चना नागपुरे ने जिले में लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद्यान्न वितरण सहित अन्य विषयों की जानकारी से अवगत कराया। खाद्य आयोग अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा ने निर्देश दिए कि विभाग अंतर्गत नियमित निरीक्षण किया जाए तथा भोजन बनाने वाले स्थानों पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था के साथ स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान रखा जाए।
खाद्य आयोग अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा ने पूरक पोषण आहार, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य विषयों पर भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्राथमिकता को समझते हुए आवश्यक विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाए।



