बुरहानपुर

*नाचनखेड़ा के जनविश्वास शिविर में गूंजी योजनाओं की गूंज, 84 फीसदी आवेदनों का निराकरण*

बुरहानपुर :- ग्राम पंचायत नाचनखेड़ा में शुक्रवार को आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर के माध्यम से शासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद कायम हुआ। जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन रहा है, जिसका उद्देश्य हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।

सिलावट ने लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों से बातचीत कर मिलने वाली राशि एवं सुविधाओं की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए काम कर रही है। गांवों के सशक्त होने से ही जिला, प्रदेश और देश का समग्र विकास संभव है। प्रभारी मंत्री ने बताया कि बुरहानपुर जिले में अब तक 13 जनविश्वास शिविर आयोजित हो चुके हैं, जिनमें प्राप्त आवेदनों में से 84 प्रतिशत का निराकरण किया जा चुका है। उन्होंने प्रदेश में सिंचाई रकबा बढ़ाने का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान में लगभग 54 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई उपलब्ध है, जिसे वर्ष 2028 तक 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि जनधन, लाड़ली बहना, प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि, निःशुल्क राशन, आयुष्मान भारत और उज्ज्वला जैसी योजनाओं से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को गांवों में पहुंचकर शासन प्रशासन संवाद कर रहा है, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने स्वामित्व योजना और जल संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।


कलेक्टर विवेक कुमार ने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की और अधिकारियों को आवेदनों के प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए।

शिविर में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए। कृषि विभाग की ओर से प्रभाकर तायड़े, कृष्णा चौधरी, मोहित महाजन, प्रहलाद देवराम, हरि देवराम और लखन पाटील को पावर/बैटरी पंप दिए गए। उद्यानिकी विभाग के तहत लोनी निवासी अमोल महाजन को ट्रैक्टर के लिए 1 लाख 96 हजार रुपये की सांकेतिक चाबी सौंपी गई, वहीं संबल योजना के हितग्राहियों को भी लाभ मिला सिलावट ने खाद्य, कृषि, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, विद्युत और सहकारिता सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों व आधार अपडेशन कैंप का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button