*जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में बनेगा 1.11 करोड़ का 8 बिस्तरों वाला प्रसूति आईसीयू*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस के प्रयासों से शासकीय जिला चिकित्सालय में 8 बिस्तरों वाले आधुनिक प्रसूति गहन चिकित्सा कक्ष (ऑब्स्टेट्रिक आईसीयू) की स्थापना के लिए राज्य शासन द्वारा 1 करोड़ 11 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस सुविधा के शुरू होने से गर्भावस्था, प्रसव के दौरान और प्रसव के बाद गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से जूझने वाली महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही सतत निगरानी और गहन उपचार मिल सकेगा।
चिटनिस मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लंबे समय से प्रयासरत थीं। उन्होंने इस आवश्यकता को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल से निरंतर पत्राचार और संवाद कर आधुनिक प्रसूति आईसीयू की स्वीकृति का आग्रह किया था। स्वीकृति मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
*अन्य शहरों पर निर्भरता होगी कम*
चिटनिस ने कहा कि जिले की चिकित्सा क्षमता बढ़ाना और नागरिकों को आपातकालीन व गंभीर स्थितियों में बेहतर उपचार के लिए बाहर जाने की विवशता से मुक्त करना प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि मातृत्व अत्यंत संवेदनशील अवधि होती है, जिसमें किसी भी गंभीर जटिलता के दौरान त्वरित विशेषज्ञ देखभाल मां और शिशु दोनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
नए प्रसूति आईसीयू में अत्यधिक रक्तस्राव, गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं और प्रसवोत्तर आपात स्थितियों में विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे गंभीर मामलों में मरीजों को अन्य शहरों में रेफर करने की आवश्यकता कम होगी और समय पर इलाज संभव हो सकेगा।
*स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार*
विधायक चिटनिस ने कहा कि जिला चिकित्सालय में 2डी इको मशीन, आईसीयू और विशेषज्ञ सेवाओं के बाद अब प्रसूति आईसीयू की मंजूरी से स्वास्थ्य ढांचे को और बल मिला है। उन्होंने कहा कि जिले के हर नागरिक को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं अपने ही जिले में उपलब्ध कराना निरंतर प्राथमिकता है।




