*बुरहानपुर में कांग्रेस का वोट चोरी के खिलाफ हल्लाबोल प्रदर्शन के दौरान खुलकर सामने आई अंदरूनी गुटबाजी*

बुरहानपुर :- वोट चोरी के मुद्दे पर प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे आंदोलन के तहत बुधवार को बुरहानपुर शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके पुतले जलाए। हालांकि, इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस संगठन के भीतर की अंदरूनी खींचतान और मतभेद एक बार फिर सार्वजनिक रूप से उजागर हो गए। शहर और ग्रामीण कांग्रेस के नेताओं ने एक साथ मंच साझा करने के बजाय अलग-अलग जगहों पर अपने कार्यक्रम आयोजित किए।
*सिंधी बस्ती चौराहे पर शहर कांग्रेस का प्रदर्शन*
शहर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सिंधी बस्ती स्थित पार्टी कार्यालय के सामने एकत्रित होकर चुनाव आयोग के खिलाफ उग्र नारेबाजी की। इसके बाद नेताओं ने चौराहे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टाक ने सीधे तौर पर चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ का संगीन आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश भर में मतदाता सूची के पुनरीक्षण में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की जा रही हैं रिंकू टाक ने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत उनके पद से हटाया जाए और जिन मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए हैं, उन सभी की सूची सार्वजनिक की जाए।
*ग्रामीण अध्यक्ष ने पोस्ट ऑफिस के पास फूंका पुतला*
दूसरी तरफ, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व विधायक रविंद्र महाजन ने शहर के पोस्ट ऑफिस के पास अपने समर्थकों और कुछ वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर मुख्य चुनाव आयुक्त का अलग से पुतला दहन किया। जानकारों के मुताबिक, ग्रामीण कांग्रेस का यह विरोध कार्यक्रम वास्तव में ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन इसे शहर के भीतर अलग से आयोजित किया गया पुतला दहन के बाद रविंद्र महाजन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा।
*गुटबाजी पर घमासान हाईकमान तक पहुंचेगी शिकायत*
अलग-अलग स्थानों पर हुए इन प्रदर्शनों ने बुरहानपुर कांग्रेस की गुटबाजी को जगजाहिर कर दिया है। शहर अध्यक्ष रिंकू टाक ने अलग जगह पुतला दहन किए जाने पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी का कार्यक्रम एक ही होना तय था और इस तरह अलग प्रदर्शन करना पूरी तरह गलत है। टाक ने कहा कि बुरहानपुर में हुई इस अनुशासनहीनता और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी।
वहीं, दूसरी ओर ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र महाजन ने अपने कदम का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। महाजन ने कहा कि ‘वोट चोरी’ का मुद्दा जनता से जुड़ा है और इसके विरोध में आगे भी शहर व ग्रामीण क्षेत्र के हर वार्ड में पुतला दहन अभियान चलाया जाएगा।
*चुनाव आयोग और कांग्रेस में तनातनी कायम*
गौरतलब है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण और वोट काटने की प्रक्रियाओं को लेकर इन दिनों देशभर में कांग्रेस और चुनाव आयोग के बीच तीखे आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। कांग्रेस जहां इन प्रक्रियाओं में धांधली और अनियमितता के आरोप लगा रही है, वहीं चुनाव आयोग का कहना है कि उसकी सभी कार्यवाहियां कानूनी दायरा और तय नियमों के तहत ही की जा रही हैं।





