*बुरहानपुर पुलिस का 10 दिवसीय विशेष यातायात अभियान शुरू हेलमेट, सीटबेल्ट और सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर बस स्टैंड पर चलाया जागरूकता कार्यक्रम*

बुरहानपुर:- जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों सहित आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुरहानपुर पुलिस द्वारा 10 दिवसीय विशेष यातायात जागरूकता एवं चेकिंग अभियान की शुरुआत की गई है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार यह अभियान 28 सितंबर से 7 अक्टूबर तक पूरे जिले में प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है।
एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन में जिले के समस्त थाना प्रभारियों और यातायात विभाग को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। एसपी बागरी ने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नियमों के पालन के प्रति लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना है, ताकि हर नागरिक सड़क पर सुरक्षित महसूस कर सके।
अभियान के तहत ए एसपी प्रदीप शेंडे एवं सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में यातायात विभाग की टीम ने बुरहानपुर बस स्टैंड परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बस चालकों, ऑटो चालकों और आम नागरिकों को एकत्रित कर सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने दो-पहिया वाहन चालकों को बीआईएस मानक हेलमेट पहनने और चार-पहिया वाहन चालकों को सीटबेल्ट लगाने की अनिवार्यता पर जोर दिया। साथ ही, केंद्र सरकार की ‘राहवीर योजना’ गुड समैरिटन और ‘हिट एंड रन’ पीड़ित मुआवजा योजना के बारे में विस्तार से बताते हुए दुर्घटना पीड़ितों की तत्काल मदद करने के लिए प्रेरित किया गया।
लापरवाही बन सकती है जानलेवा
यातायात विभाग ने वाहन चालकों को चेताया कि गाड़ी चलाते समय ध्यान भटकाना या थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। कार्यक्रम के माध्यम से निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर कड़ाई से पालन करने की समझाइश दी गई शराब या किसी भी प्रकार के नशे में ड्राइविंग करना अपराध के साथ दुर्घटना का मुख्य कारण है
वाहन चलाते समय फोन पर बात करना या मैसेज देखना पूरी तरह बंद करें निर्धारित स्पीड लिमिट में ही वाहन चलाएं और ओवरलोडिंग से बचें रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचें और यातायात संकेतों का पालन करें बुरहानपुर पुलिस की आमजन से अपील
बुरहानपुर पुलिस ने जिले की जनता से अपील की है कि वे स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें। दो-पहिया वाहन पर हेलमेट और चार-पहिया वाहन में सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग कर एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाएं।



