*अनाज मंडी में यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग बेतरतीब ढंग से खड़े अवैध ऑटो के खिलाफ की कार्रवाई*

बुरहानपुर:- बुरहानपुर के अनाज मंडी क्षेत्र स्थित भेरूलाल जलेबी के पास में लंबे समय से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए बृहस्पतिवार दोपहर यातायात पुलिस ने सख्त कदम उठाया। यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग जोन और चौराहों पर बेतरतीब ढंग से खड़े अवैध ऑटो के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने मौके से बिना वैध दस्तावेजों के दौड़ रहे 5 अवैध ऑटो को जब्त कर थाने भिजवाया।
*व्यापारियों और राहगीरों की शिकायत पर एक्शन*
मंडी क्षेत्र में दैनिक रूप से अनाज की गाड़ियों और व्यापारियों की आवाजाही रहती है। ऐसे में चालकों द्वारा बीच चौराहे और नो-पार्किंग क्षेत्र में ऑटो खड़े करने से लगातार जाम की स्थिति बन रही थी। पैदल चलने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
*बिना कागजात दौड़ रहे वाहनों पर शिकंजा*
कार्रवाई के दौरान कई चालक वाहन छोड़कर भागते नजर आए। पुलिस जांच में सामने आया कि कई ऑटो चालक बिना परमिट, फिटनेस और वैध कागजातों के सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कागजी खामियों और अवैध पार्किंग दोनों पर एक साथ कार्रवाई की जा रही है।
**अभियान रहेगा जारी**
यातायात विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंडी क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए आवागमन को सुचारू बनाना प्राथमिकता है। चौराहों को अतिक्रमण मुक्त कराने और अवैध वाहनों पर रोक लगाने के लिए यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।




