*पीएम मोदी के जन्मदिन पर बुरहानपुर में लगा मेगा रक्तदान शिविर जिला अस्पताल सहित नेपानगर और शाहपुर में भी आयोजन*

बुरहानपुर:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर जिले भर में ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ की शुरुआत बेहद उत्साहजनक माहौल में हुई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा राज्य रक्त संचरण परिषद के तत्वावधान में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस विशेष महाअभियान के पहले दिन जिला चिकित्सालय बुरहानपुर के ब्लड सेंटर में एक विशाल (मेगा) रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना और अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने स्वयं रक्तदान कर समाज को एक प्रेरक संदेश दिया। उनके साथ बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज माने, मनोज लधवे, ईश्वर चौहान, मनोज टंडन, सुनील वाघे, भारत रावल, अमित वारुडे और गजेन्द्र पाटील सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अतिथियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने रक्तदान कर रहे युवाओं और नागरिकों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों की भी सक्रिय उपस्थिति रही। कलेक्टर हर्ष सिंह, जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा, एसडीएम पल्लवी पुराणिक, सीएमएचओ डॉ. आर.के. वर्मा और सिविल सर्जन डॉ. दर्पण टोके सहित समस्त डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ व ब्लड बैंक की टीम ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदाताओं की सुविधा के लिए उत्तम चिकित्सा व्यवस्था, जलपान एवं प्रमाण-पत्र वितरण का विशेष प्रबंध किया गया था।
*नेपानगर और शाहपुर में भी उमड़ी भीड़*
रक्तदान का यह जज्बा केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। जिला चिकित्सालय बुरहानपुर के अलावा नेपानगर, शाहपुर तथा जिले की अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं में भी शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में स्थानीय युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाया।




