*बुरहानपुर के दो किशोरों ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, एटीएम के पास मिले 10 हजार रुपये लौटाए*

बुरहानपुर :- समाज में आज भी ईमानदारी और इंसानियत जिंदा है, जिसकी एक प्रेरणादायक मिसाल मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में देखने को मिली है। प्रगतिनगर के रहने वाले दो किशोरों विपिन कुशवाह और दुर्गेश महाजन ने अपनी ईमानदारी का परिचय देते हुए एटीएम के पास मिले 10 हजार रुपये उनके वास्तविक हकदार तक पहुंचाए।
घटना 27 अक्टूबर 2026 की सुबह लगभग 11:30 बजे की है। 17 वर्षीय विपिन कुशवाह और दुर्गेश महाजन शनवारा स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम पर रुपये निकालने गए थे। वहां उन्हें जमीन पर गिरे हुए 500-500 रुपये के 20 नोट यानी कुल 10 हजार रुपये मिले। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन व्यक्ति जा चुका था। इसके बाद दोनों किशोरों ने रुपये अपने पास रखने के बजाय थाने पहुंचकर पूरी घटना पुलिस को बताई और सारी राशि सुरक्षित जमा करवा दी।
*पुलिस और बैंक की मदद से मिला मालिक*
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नीता देयरवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक से संपर्क किया और सीसीटीवी फुटेज व लेनदेन की जानकारी के आधार पर राशि के मालिक की पहचान की। जांच में पता चला कि यह राशि आलमगंज मालीवाड़ा निवासी मुश्ताक अहमद की है।
29 अक्टूबर को फरियादी मुश्ताक अहमद को थाने बुलाया गया, जहां दोनों किशोरों ने अपने हाथों से वह 10 हजार रुपये की राशि उन्हें सुरक्षित वापस लौटाई। अपनी खोई हुई रकम पाकर फरियादी ने दोनों किशोरों का आभार जताया। बुरहानपुर पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने इन दोनों किशोरों की इस सराहनीय सोच और ईमानदारी की जमकर प्रशंसा की है।



