*महापौर ने किया अमृत 2.0 सीवरेज कार्यों का निरीक्षण लापरवाही पर सख्त, गुणवत्ता और गति से कार्य पूरा करने के निर्देश*

बुरहानपुर :- अमृत 2.0 योजना के द्वितीय चरण के अंतर्गत शहर में तेजी से चल रहे सीवरेज नेटवर्क और बुनियादी ढांचा निर्माण कार्यों की हकीकत जानने के लिए मंगलवार को महापौर माधुरी अतुल पटेल अचानक मैदान में उतरीं। उन्होंने निगम आयुक्त, निगम इंजीनियर्स तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न वार्डों और कार्य स्थलों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने निर्माण कार्यों की गति पर संतोष व्यक्त करने के साथ ही गुणवत्ता को लेकर स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी तरह की त्रुटि या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*विभिन्न डिस्ट्रिक्ट्स का किया सघन दौरा*
महापौर पटेल ने निरीक्षण की शुरुआत डिस्ट्रिक्ट-सी से करते हुए डिस्ट्रिक्ट-ए तक के निर्माण स्थलों का जायजा लिया। डिस्ट्रिक्ट-ए के अंतर्गत आने वाले चाणक्यपुरी गुरु गोविंद सिंह कॉलोनी और सिंधीबस्ती क्षेत्र में सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के कार्यों का बारीकी से परीक्षण किया गया। महापौर ने मौके पर बनाए जा रहे मैनहोल चैंबरों का भी अवलोकन किया और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट ली।
*सुरक्षा और नागरिक सुविधा पहली प्राथमिकता*
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के बाद खोदे गए गड्ढों को किसी भी स्थिति में खुला न छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि खुदाई के तुरंत बाद गड्ढों की समतल भरपाई (लेवलिंग) का काम साथ-साथ किया जाना चाहिए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में कोई असुविधा न हो और कार्यस्थल पर हादसों की आशंका खत्म हो सके।
*4.5 एमएलडी क्षमता के IPS का निरीक्षण*
इसके उपरांत महापौर सिंधीबस्ती स्थित पाण्डरोल नाले पर निर्माणाधीन 4.5 एमएलडी क्षमता के इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन (IPS-1) पहुंचीं। संबंधित अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस पंपिंग स्टेशन के माध्यम से शहर भर के सीवरेज के पानी को पंप करके मुख्य सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) तक भेजा जाएगा, जहाँ वैज्ञानिक तकनीक से सीवेज का उपचार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त डिस्ट्रिक्ट-सी के वार्ड क्रमांक 16 अंतर्गत आने वाले मालीवाड़ा और नागझिरी क्षेत्र में भी सीवरेज लाइन के कार्यों का अवलोकन कर मौके पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के आदेश दिए गए।
*समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने की हिदायत*
महापौर माधुरी अतुल पटेल ने स्पष्ट किया कि सीवरेज परियोजना शहर के स्वास्थ्य और स्वच्छता के दृष्टिकोण से एक अत्यंत महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा है। उन्होंने कहा कि कार्य में गति लाने के साथ-साथ गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। जहाँ भी कोई तकनीकी कमी दिख रही है, उसे तत्काल दुरुस्त कर पूरे प्रोजेक्ट को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान पूर्व महापौर अतुल पटेल, पार्षद प्रतिनिधि मनोज फुलवानी, निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री प्रेम कुमार साहू, सहायक यंत्री गोपाल महाजन, अशोक पाटिल, उपयंत्री सौरभ वर्मा, विक्रांत बरकुंवर, नितिन वर्मा, जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोरे तथा निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित थे।




