*बुरहानपुर कलेक्टर ने स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग की ली संयुक्त समीक्षा बैठक दिए फील्ड भ्रमण के कड़े निर्देश*

बुरहानपुर :- कलेक्टर हर्ष सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभागृह में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का गहन जायजा लेते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में निर्धारित लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
*टीकाकरण में लापरवाही न बरतने की सख्त ताकीद*
स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्ष सिंह ने टीकाकरण अभियान में पूरी सक्रियता और गंभीरता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, टीकाकरण की निरंतर मॉनिटरिंग करने और पोर्टल पर इसकी शत-प्रतिशत एंट्री अनिवार्य रूप से दर्ज करने के आदेश दिए।
कलेक्टर ने आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मैदानी अमला घर-घर जाकर पात्र हितग्राहियों से संपर्क करे, ताकि आयुष्मान कार्ड पंजीयन की संख्या में तेजी से वृद्धि हो सके।
*गर्भवती महिलाओं की देखभाल और मातृ मृत्यु पर समीक्षा*
बैठक में मातृ मृत्यु के प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई और सुधारात्मक उपाय लागू करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी करने, गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक डॉक्टरी जांच व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा टीबी जांच अभियान को गति देने के निर्देश दिए।
*कुपोषित बच्चों की ग्रोथ पर रखें लगातार नजर*
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ‘सैम’ (गंभीर कुपोषित) और ‘मैम’ (मध्यम कुपोषित) श्रेणी के बच्चों की ग्रोथ पर लगातार फोकस करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों की नियमित ट्रैकिंग की जाए और उनके पोषण स्तर में सुधार के लिए निरंतर पोषण गतिविधियां संचालित की जाएं। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को नियमित बैठकें लेने और फील्ड में जाकर खुद समीक्षात्मक जायजा लेने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर सृजन वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभांगी मुजुमदार सहित दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



