बुरहानपुर

*बुरहानपुर में शराब माफियाओं पर आबकारी विभाग का शिकंजा 11 प्रकरण दर्ज, 1500 किलो महुआ लहान और अवैध शराब जब्त*

बुरहानपुर :- जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय और परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अवैध शराब के अवैध कारोबार में लिप्त माफियाओं के खिलाफ चलाए गए इस अभियान के दौरान विभाग ने कई ठिकानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध सामग्री और कच्ची शराब बरामद की है। इस कार्रवाई से स्थानीय शराब माफियाओं के हौसले पस्त नजर आ रहे हैं।

कलेक्टर हर्ष सिंह के सख्त निर्देशों के अनुपालन में आबकारी विभाग की टीमों ने ग्राम खेरखेड़ा, खारखेड़ा, अमुल्लाखुर्द, झोलापुरा और डवाली में विभिन्न स्थानों पर औचक दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान अवैध मदिरा से संबंधित कुल 11 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए और मौके से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

### भारी मात्रा में जब्त हुई अवैध सामग्री

दबिश के दौरान आबकारी अमले ने मौके से अवैध कारोबार का बड़ा जखीरा पकड़ा है। इसमे 56 लीटर कच्ची हाथ भट्टी मदिरा 1500 किलोग्राम महुआ लहान शराब बनाने का कच्चा माल 15 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई इस अवैध मदिरा और शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 65 हजार रुपये आंका गया है। इतनी बड़ी मात्रा में महुआ लहान मिलने से यह स्पष्ट होता है कि इन ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब का अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर संचालित किया जा रहा था।

*अधिकारियों का विशेष सहयोग और जन-जागरूकता अभियान*
इस पूरी सफल कार्रवाई को अंजाम देने में सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुकेश गौर, आबकारी उप निरीक्षक शेरसिंह मोरे, केतन भाबर तथा आरक्षक अनीता रावत, हेमंत, रवि पाल और पलक सिकरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला आबकारी अधिकारी पार्थ सारथी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र से अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह नेस्तनाबूद करना है। कार्यवाही के दौरान आबकारी विभाग के अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से सीधा संवाद किया। नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति गंभीर रूप से जागरूक किया गया तथा उन्हें यह समझाया गया कि नशा समाज और परिवार को कैसे खोखला कर रहा है। साथ ही, नागरिकों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय या परिवहन की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत आबकारी विभाग को इसकी सूचना दें ताकि समय रहते सख्त कदम उठाए जा सकें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button