मध्यप्रदेश

विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला अस्पताल ब्लड बैंक द्वारा रक्तदाताओं का किया गया सम्मान

बुरहानपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात जिला चिकित्सालय एवं ब्लड बैंक स्टाफ द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिले के नियमित रक्तदाताओं एवं रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान के महत्व, रक्त की आवश्यकता एवं स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहयोग केयर संस्था के अध्यक्ष मनोज लधवे ने कहा कि उनकी संस्था वर्ष 2011 से जिले में रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बुरहानपुर जिले में प्रतिवर्ष लगभग 8,000 यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है, जिसकी पूर्ति समाज के सहयोग और नियमित रक्तदान से ही संभव है। उन्होंने सभी नागरिकों से महापुरुषों की जयंती, अपने जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति नियमित रक्तदान करे तो रक्त की कमी की समस्या समाप्त हो सकती है। रक्तदान किसी अजनबी को जीवन देने का सबसे बड़ा उपहार है।

शाहपुर नगर परिषद प्रतिनिधि श्री विरेंद्र तिवारी ने कहा कि शाहपुर में ब्लड बैंक की आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इसे शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे शाहपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आग्रह किया।विधायक प्रतिनिधि एवं पार्षद श्री संभाजीराव सगरे ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है तथा रक्तदान के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता आवश्यक है।

सांसद प्रतिनिधि एवं अधिवक्ता आदित्य प्रजापति ने अपने परिवार का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि जीवन में कई बार ऐसी परिस्थितियां आती हैं जब रक्त की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि रक्त की कमी के कारण किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं होना चाहिए। इसके लिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आकर अधिक से अधिक रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान के माध्यम से अनेक लोगों को नया जीवन दिया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी धीरज नावानी एवं अंकित व्यास द्वारा संचालित संस्थाओं ने जिले में थैलेसीमिया एवं सिकल सेल से पीड़ित एक-एक बच्चे को नियमित रक्त उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। दोनों संस्थाओं ने इन बच्चों के उपचार हेतु रक्त की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि मानव सेवा के इस अभियान को आगे भी विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में ऐसे लगभग 32 बच्चे हैं, जिन्हें प्रत्येक माह नियमित रक्त की आवश्यकता होती है। इन बच्चों की जरूरतों की पूर्ति के लिए निरंतर रक्तदाताओं को जोड़ने एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उपस्थित अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय कदम बताया।

कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक अधिकारियों ने रक्तदान एवं रक्त प्रबंधन से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में आधुनिक ब्लड सेपरेटर मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन की सहायता से एक यूनिट रक्त को विभिन्न रक्त घटकों में विभाजित किया जा सकता है, जिससे एक यूनिट रक्त का लाभ एक से अधिक मरीजों को मिल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से जरूरतमंद मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार रक्त घटक उपलब्ध कराए जा रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान जिले के नियमित रक्तदाताओं, रक्तदान के क्षेत्र में कार्यरत सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं संस्था प्रमुखों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदाता समाज के वास्तविक जीवनदाता हैं, जिनके निस्वार्थ योगदान से अनेक लोगों को नया जीवन मिलता है।इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री मनोज टंडन, पार्षद श्री मनोज फुलवानी, समाजसेवी श्री नरेंद्र शिंदे, श्री सुनील वाघे, सीएमएचओ प्रभारी डॉ. पल्लवी, सिविल सर्जन डॉ. दर्पण टोके, आरएमओ डॉ. भूपेंद्र गौर, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. गौरव थावानी, रेखा ओंकार, रूशाली महाजन सहित जिला चिकित्सालय के समस्त चिकित्सक, ब्लड बैंक का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे।अंत में सभी उपस्थितजनों ने रक्तदान अभियान को पूरी जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने की शपथ ली तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया, ताकि रक्त की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को कठिनाई का सामना न करना पड़े।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button