बुरहानपुर

*बुरहानपुर पुलिस ने कपास के खेतों के बीच उगाई जा रही गांजे की अवैध खेती पकड़ी, 2 लाख रुपए के पौधे ज़ब्त*

बुरहानपुर :- जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बुरहानपुर पुलिस ने नशामुक्त अभियान के तहत मादक पदार्थों के विरुद्ध एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खकनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने एक खेत में कपास की फसल के बीच छिपकर उगाई जा रही गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब 2 लाख रुपए कीमत के गांजे के हरे पौधे ज़ब्त किए हैं।

घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 5 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक जाधव को मुखबिर से विशेष सूचना मिली थी कि ग्राम उसारणी निवासी प्रताप पिता भगरसिंग चंगड़ अपने खेत में कपास की आड़ में गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों तथा स्वतंत्र पंचों के साथ संयुक्त रूप से उक्त खेत पर अचानक दबिश दी।

तलाशी के दौरान खेत में कपास की लंबी फसलों के बीच हरे पत्तीदार और कलीदार गांजे के कुल 50 पौधे लहलहाते हुए पाए गए। इन सभी पौधों की लंबाई करीब 4 से 8 फीट के बीच थी। जब इन सभी पौधों को उखाड़कर इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर तोला गया, तो इनका कुल वजन 107.200 किलोग्राम निकला। अंतर्राष्ट्रीय और स्थानीय बाजार में इन पौधों की अनुमानित कीमत करीब 2,00,000 रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी प्रताप चंगड़ के विरुद्ध थाना खकनार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(ए) के तहत गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की विवेचना जारी है। इस पूरी सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक जाधव सहित उनकी पूरी पुलिस टीम की भूमिका बेहद सराहनीय रही, जिनकी मुस्तैदी से अवैध नशे के सौदागरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया गया। बुरहानपुर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button