*खाद्य सुरक्षा विभाग का दुकानों पर अचानक छापा, मावा बर्फी व पेड़े के लिए सैंपल*
बुरहानपुर :- आगामी त्योहारी सीजन और आम जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर विवेक कुमार के सख्त निर्देशों के पालन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक स्तर पर आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में एसडीएम बुरहानपुर पल्लवी पुराणिक तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश डावर की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मिष्ठान भंडारों और डेयरी आउटलेट्स पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर ही खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच की और संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थों के कानूनी नमूने (सैंपल) एकत्रित किए।

निरीक्षण के दौरान इंदिरा कॉलोनी स्थित कुंदन स्वीट्स से नमकीन, मिल्क पेड़ा और मावा बर्फी का सैंपल लिया गया। वहीं, गांधी चौक स्थित माधव स्वीट्स विनोद डेयरी से मावा एवं मावा रोज बर्फी के नमूने जब्त किए गए। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। भोपाल से लैब रिपोर्ट आने के पश्चात यदि किसी भी सैंपल में मिलावट या अमानक स्तर पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।



