बुरहानपुर

*निगम आयुक्त ने ली विभागीय अधिकारियों की पाक्षित बैठक सीएम हेल्पलाइन और जन विश्वास शिविर पर दिए सख्त निर्देश*

बुरहानपुर :- नगर पालिक निगम बुरहानपुर के आयुक्त संदीप श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज निगम कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की पाक्षित (पखवाड़ेवार) समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य फोकस सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण और आगामी जन विश्वास अभियानों की तैयारियों पर रहा।

बैठक के दौरान निगम आयुक्त श्रीवास्तव ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त विभिन्न शिकायतों की वार्डवार एवं विभागवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें, ताकि नागरिकों को संतुष्टि मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनसमस्याओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय-सीमा के भीतर मामलों का बंद होना सुनिश्चित किया जाए।

*वार्ड 39 से 48 तक आयोजित होंगे जन विश्वास शिविर*
आगामी दिनों में आयोजित होने वाले ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ शिविरों को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि वार्ड क्रमांक 39 से 48 तक के क्षेत्रों में इन शिविरों का सफल आयोजन किया जाए। इन शिविरों का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और उनकी मैदानी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। सभी संबंधित इंजीनियर्स और मैदानी अमले को शिविर की तैयारियों में अभी से जुटने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

*लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई*
आयुक्त श्रीवास्तव ने दो टूक शब्दों में कहा कि शासन की योजनाओं और निर्देशों के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी को पूरी गंभीरता, तत्परता और उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

बैठक में कार्यालय अधीक्षक संदीप तिवारी, राजस्व अधिकारी शशिकांत पवित्रे, सहायक यंत्री अशोक पाटिल, गोपाल महाजन, नितिन वर्मा, सौरव वर्मा, विक्रम भरकुंवर और संपत्तिकर विभाग से योगेश्वर पाटिल, शुभम जायसवाल सहित निगम के अन्य प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button