*लोहारी में ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल का 4564वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संपन्न, 60 से अधिक ग्रामीणों ने उठाया लाभ*

बुरहानपुर खरगोन :- ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल द्वारा अपने सामाजिक सरोकारों का निर्वहन करते हुए रविवार 11 अक्टूबर को खरगोन जिले के ग्राम लोहारी में 4564वें निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से ग्रामीण अंचल के 60 से अधिक मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर में ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उपस्थित रहकर मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की गहन जांच की। इस दौरान सभी मरीजों के लिए निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण आयोजित किए गए, जिनमें ब्लड प्रेशर (बीपी), प्राथमिक रक्त जांच और वजन की जांच मुख्य रूप से शामिल थीं। जांच के पश्चात चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी बीमारी के अनुरूप आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ शिविर में आए ग्रामीणों को स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने ग्रामीणों को दैनिक जीवन में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा मौसम परिवर्तन के दौरान होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी। चिकित्सकों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर झाड़-फूंक या लापरवाही के बजाय समय पर योग्य डॉक्टर से परामर्श लें।
यह सम्पूर्ण आयोजन ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के संचालक कबीर चौकसे के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कबीर चौकसे ने कहा ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम व्यक्ति और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। संस्था भविष्य में भी इसी निष्ठा के साथ विभिन्न ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रखेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर बेहतर उपचार प्राप्त कर सकें।



