बुरहानपुर

*इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंदा दो की मौके पर मौत, एक गंभीर*

बुरहानपुर :- मध्य प्रदेश के इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। निंबोला थाना क्षेत्र के झिरी गांव स्थित नवल सिंह शक्कर कारखाने के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

*चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण*
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जाकर गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और झिरी गांव के ग्रामीणों की भारी भीड़ तुरंत घटनास्थल पर एकत्र हो गई। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए हादसे की सूचना निंबोला थाना पुलिस को दी और घायल को प्राथमिक मदद देने का प्रयास किया।

*घायल अस्पताल में भर्ती, रविवार को हुआ पोस्टमार्टम*
सूचना मिलते ही निंबोला पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खून से लथपथ घायल युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। शनिवार देर रात होने के कारण शवों का पंचनामा कर उन्हें मर्चुरी में रखवा दिया गया था। रविवार सुबह पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया और उन्हें परिजनों को सौंप दिया।

*एक ही गांव के निवासी थे तीनों युवक*
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक और गंभीर रूप से घायल युवक नसीराबाद-निमना गांव के पास स्थित चमरिया टांडा के निवासी हैं। हादसे की खबर मिलते ही गांव और परिजनों में मातम छा गया है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

*अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी पुलिस*
निंबोला थाना प्रभारी अजय सिंह चौहान ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई गई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button