*सहकारिता चुनाव टालना सरकार की हार का डर- अजयसिंह रघुवंशी*

बुरहानपुर :- कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश महासचिव अजयसिंह रघुवंशी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर चुनाव टालने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सहकारिता और कृषि उपज मंडी के चुनाव न कराना सरकार की बड़ी नाकामी है और यह हार के डर को दिखाता है।
रघुवंशी ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों के चलते सरकार जनता के सामने जाने से बच रही है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान के पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा में घबराहट बढ़ गई है और पार्टी के नेता चुनावों का सामना करने की स्थिति में नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में कृषि उपज मंडियों के चुनाव लंबे समय से लंबित हैं। आरोप लगाया कि मंडियों में मनपसंद अधिकारी तैनात कर भाजपा नेता मनमानी कर रहे हैं। किसानों के पास अपने चुने हुए प्रतिनिधि न होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है और वे व्यवस्था के आगे बेबस हैं।
रघुवंशी के अनुसार, सहकारिता क्षेत्र के चुनाव भी काफी समय से अटके हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर चुनाव नहीं करा रही है क्योंकि उसे संभावित नतीजों की चिंता है। उनके मुताबिक, हालात ऐसे हैं कि सरकार उन संस्थाओं में भी चुनाव कराने से हिचकिचा रही है जहां पहले से भाजपा का बोर्ड काबिज था।
अंत में उन्होंने प्रदेश सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार को अपने कामकाज और विकास पर भरोसा है, तो उसे चुनाव मैदान में उतरकर अपनी ताकत आजमानी चाहिए।



