*प्रकाश पर्व पर खकनार में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित 109 से अधिक मरीजों का हुआ परीक्षण*

बुरहानपुर :- सामाजिक सरोकार और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल, बुरहानपुर द्वारा मंगलवार, 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर खकनार में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस जनसेवा शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया।
शिविर के दौरान 109 से अधिक मरीजों ने भाग लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का बारीकी से स्वास्थ्य परीक्षण किया और उनकी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लिए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इस अवसर पर सभी मरीजों का निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से ब्लड प्रेशर (बीपी) और ब्लड शुगर की जांच शामिल रही।
चिकित्सकों ने मरीजों को बदलते मौसम में होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सदैव सजग रहने की महत्वपूर्ण सलाह भी दी गई।
यह स्वास्थ्य शिविर ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के संचालक कबीर चौकसे के दिशा-निर्देशन में तथा खकनार के उपसरपंच जसपाल सिंह पटवा के विशेष सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल का निरंतर प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुलभ, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं। इसी उद्देश्य से अस्पताल द्वारा विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नियमित रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ मिल सके।



