*निम्बोला में हाईवे पर घेराबंदी पिकअप वाहन से 3 गौवंश मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार*

बुरहानपुर :- जिले में अवैध गौवंश परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और वध के लिए ले जाए जा रहे 3 गौवंश को मुक्त कराया है। यह कार्रवाई मंगलवार 24 नवंबर 2026 को इंदौर इच्छापुर हाईवे पर थाना निम्बोला के सामने की गई। पुलिस ने मौके से एक सफेद रंग का पिकअप वाहन (क्रमांक MP 10 G 1601) भी जब्त किया है।
पएसपी आशुतोष बागरी के निर्देशानुसार जिले में अवैध गौवंश परिवहन पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ए एसपी प्रदीप शेंडे एवं नेपानगर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जयराज सोलंकी के मार्गदर्शन में निम्बोला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अजय सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप वाहन में गौवंश को अवैध रूप से भरकर वध के उद्देश्य से बुरहानपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए टीम ने इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर निम्बोला थाने के सामने घेराबंदी की। संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 03 बछड़े क्रूरतापूर्वक बंधे हुए मिले।
मौके से वाहन चालक दीपक पिता बाबूलाल राठौर (उम्र 21 वर्ष), निवासी ग्राम कुमठा, थाना पिपलौद, जिला खंडवा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गौवंश आजाद नगर, बुरहानपुर निवासी अफ्फान पिता इरफान के हैं।
निम्बोला थाने में अपराध क्रमांक 399/26 के तहत मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय सिंह चौहान सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।



